बाढ़ के पानी में उतरे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, किसानों की बर्बाद हुई फसलों का किया आंकलन
मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): पहाड़ो पर लगातार हो रही भारी बारिश को वजह से मुजफ्फरनगर जनपद के कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का लोकसभा क्षेत्र भी बाढ़ की चपेट में है। मुजफ्फरनगर से सटकर बह रही हिंडन नदी में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के चलते चरथावल क्षेत्र के दर्जनों गांव में हिंडन नदी का पानी भर गया है। दूधली, बुड्ढाखेड़ा और कसौली सहित दर्जनों गांव की हजारों बीघा भूमि में फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई। क्षेत्र का किसान हाहाकार कर रहा है। बाढ़ की जानकारी मिलते ही केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान अधिकारियों की टीम लेकर क्षेत्र में पहुंचे। गांव वालों को साथ लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री बाढ़ के पानी में उतर गए। उन्होंने हिंडन नदी किनारे दोनों ओर बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वह बर्बाद हुई फसलों का आकलन कराकर मुख्यमंत्री से उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंडन नदी के दोनों ओर दो दो किलोमीटर दूर तक खेतों में कई कई फुट ऊंचा बाढ़ का पानी भर गया है। उन्होंने बताया कि दूधली गांव में ही किसानों की करीब तेरह सौ बीघा भूमि में फसलें पूरी तरह तबाह हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी गांव का भी यही हाल है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी रिपोर्ट तैयार करेंगे और जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है उसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और मुख्यमंत्री से निवेदन करके पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। रविवार को केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान दूधली और बुड्ढाखेड़ा गांव का दौरा करने के बाद कसौली नदी के रास्ते पहुंचे। सडक टूटी थी। कई फिट पानी चल रहा था। लेकिन मंत्री ने आधा रास्ता ट्रेक्टर से और बाकी नदी के पानी से होकर पार किया। नदी के पानी कसौली मार्ग पर कई फिट तक भरा था। लेकिन उन्होंने पानी में कपड़े निकलकर पार किया। मौके पर ग्रामीणों की समस्याओं को समझा। बता दें कि जनपद के खादर क्षेत्रों में करीब 30 गांव के लोगों की जिंदगी प्रभावित है। ऐसे में मंत्री संजीव बालियान ने रविवार को खुद बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुण्डीर, सपना कश्यप, अशोक पुण्डीर, डॉक्टर विपिन त्यागी, बघरा ब्लॉक प्रमुख गौरव पंवार, एवं सैंकडों किसान मौजूद रहे ।

#flood water,#Muzaffarnagar News,#Union Minister Sanjeev Balyan,#UP News,UP Flood,#Sanjeev Balyan ,,







