देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): मुजफ्फरनगर के सांसद डॉ. संजीव बालियान ने आस्था और सियासत का अनोखा प्रयोग किया है। पैदल कांवड़ यात्रा निकालकर डॉ. बालियान लोगों को यूसीसी के फायदे गिनाएंगे। इसके लिए उन्होंने बाकायदा पोस्टर भी जारी किया है। इसी क्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे। संजीव बालियान ने हरिद्वार हर पौड़ी के वीआईपी घाट पर गंगा में डुबकी लगाई। इसके बाद कांवड़ उठाते हुए मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान 4 दिन में लगभग 82 किमी. की पैदल यात्रा करेंगे। इस बीच जगह-जगह सभा करेंगे। साथ ही कांवड़ियों से UCC पर चर्चा भी करेंगे। 14 जुलाई को मुजफ्फरनगर शिव चौक पर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। हर की पौड़ी के VVIP घाट पर सभी कावड़ियों की साथ आम नागरिक की तरह डॉ० संजीव बालियान व उनकी टीम ने मंत्रोच्चारण के साथ गंगा स्नान किया। हर की पौड़ी से बहादराबाद स्थित महिंद्रा शोरूम तक देश के अनेक कावड़ियों के साथ डॉ० संजीव बालियान ने रिमझिम वर्षा में पैदल कावड़ यात्रा की।

कांवड़ यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कांवड़ उठाने की मेरी बचपन से इच्छा थी, जो अब 51 की उम्र में पूरी हो रही है। मुजफ्फरनगर से 4 करोड़ कांवड़िए निकलते हैं। जहां उनका स्वागत किया जाता है। उनको खाना खिलाया जाता है और विश्राम की व्यवस्था की जाती है। इसलिए मैंने भी कांवड़ उठाई है। पैदल यात्रा कर कांवड़ियों के बीच रहकर UCC को लेकर फैलाई जा रहीं भ्रांतियां दूर करेंगे, क्योंकि कांवड़ यात्रा सबसे अच्छा माध्यम है करोड़ों लोगों तक अपनी बात पहुंचाने का। केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि चार दिवसीय कांवड़ यात्रा के दौरान वह लोगों से मिलकर यूनिफार्म सिविल कोड जैसे मुद्दों पर उनसे फीडबैक लेंगे। संजीव बालियान ने कहा कि उत्तराखंड ऐसा पहला राज्य है जहां पर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने जा रहा है। यूसीसी लागू करने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह द्वारा कमेटी बनाई गई थी। कमेटी की रिपोर्ट के बाद उत्तराखंड में यूसीसी लागू करने की पूरी तैयारी हो गयी है। दरअसल, 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) का प्रचार प्रसार तेजी से शुरू कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री से लेकर मंत्री और भाजपा सांसद UCC के प्रचार में जुट गए हैं। 

#dehradunnews,#uttarakhandnews,#haridwar News,#Kanwar Yatra,#Kanwar Yatra 2023,#Muzaffarnagar News,#Sanjeev Baliyan,,