लखनऊ, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : सीएम योगी आदित्यनाथ ने एनडीआरएफ और राज्य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ) के बीच परस्पर समन्वय के साथ प्रदेश में आपदा प्रबंधन के कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए जारी प्रयासों की मंगलवार को समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में इमरजेंसी आपरेशन सेंटर स्थापित करने और इन्हें सेफ सिटी के अंतर्गत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ने के लिए कहा। सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम को स्थापित कर उन्हें अर्ली वार्निंग सिस्टम से जोड़ने पर जोर दिया। कहा कि जिन जिलों में अभी तक आपदा मित्रों की तैनाती नहीं हो पाई है, वहां तत्काल उनकी तैनाती के साथ प्रशिक्षण की कार्यवाही भी तेजी से पूरी करें। उन्होंने कहा कि आपदाकाल में राहत कार्यों के लिए योग्य एवं कुशल कार्मिकों की उपलब्धता प्राथमिक आवश्यकता है। जितने दक्ष कार्मिक होंगे, राहत कार्य उतना ही अधिक प्रभावी होगा। ऐसे में प्रदेश में आपदा प्रबंधन कार्य मे संलग्न कार्मिकों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए एक सेंटर स्थापित किया जाना आवश्यक है। 

#Lucknow News,#UP News,#CM Yogi,