राज्यपाल ने शौर्य स्थल पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देहरादून के चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल ने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने अदम्य साहस, शौर्य और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया था। इस विजय अभियान में भारतीय सेना के कई शूरवीरों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया, जिसमें उत्तराखंड के कई वीर सैनिक भी शामिल थे।
उन्होंने कहा भारत की सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से हमेशा देश का गौरव बढ़ाया है जिस पर हम सभी को गर्व है। शौर्य दिवस देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन भी है। इन वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही राष्ट्र की सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने पराक्रम की नई परिभाषा लिखी। हमारी पराक्रमी सेना ने अपने अदम्य साहस के दम पर वह कर दिखाया जो कोई सेना नहीं कर पाई।
#Kargil Vijay Diwas 2023,#Kargil Vijay Diwas,#Uttarakhand Governor ,







