देहरादून, खबर न्यू इंडिया। विधानसभा चुनाव के मतदान से ठीक पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। आरएसएस ने इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की। साथ ही देहरादून कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए एक तहरीर भी दी। संघ के संपर्क प्रमुख राजेश सेठी के मुताबिक, इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या को भी शिकायत पत्र देकर मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया। पत्र में कहा गया कि पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया, इंटरनेट और व्हाट्सएप समूहों में मोहन भागवत का एक कूटरचित हस्ताक्षरों से युक्त फर्जी लेटर वायरल हो रहा है।
इस पत्र से आरएसएस का कोई भी संबंध नहीं है। इसमें सरसंघचालक के हस्ताक्षर भी पूरी तरह से फर्जी हैं, जो एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा प्रतीत होता है। पत्र में कहा गया है कि संघ विशुद्ध रूप से विश्व का सबसे बड़ा गैर राजनीतिक संगठन है। इसलिए यह पत्र संघ को बदनाम करने व चुनाव में आरएसएस का नाम जोड़कर राष्ट्रीय हितों को हानि पहुंचाने की दृष्टि से तैयार किया गया प्रतीत होता है। प्रकरण को गंभीर बताते हुए आयोग से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन में मामला दर्ज करने का अनुरोध किया गया। सेठी ने कोतवाली देहरादून को भी तहरीर दी और प्रकरण में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया।