मुज़फ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : मुज़फ्फरनगर में पचैंडा बाईपास से गांव मुस्तफाबाद, पचैंडा कलां होते हुए गांव दतियाना तक बनी सडक का लोकार्पण किया गया। जनता इंटर कालेज मुस्तफाबाद पचैंडा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद व केन्द्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा. संजीव बालियान, मीडिया सैंटर के अध्यक्ष व दैनिक राॅयल बुलेटिन के प्रधान सम्पादक अनिल राॅयल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी व सदर ब्लाॅक प्रमुख पति अमित चौधरी का भी माल्यार्पण कर स्वागत हुआ। तत्पश्चात डा. संजीव बालियान ने सभी अतिथियों के साथ मिलकर नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया।

इस मौके पर बोलते हुए डा. संजीव बालियान ने कहा कि वह बिना भेदभाव के विकास कार्य कराने में विश्वास रखते हैं। लगभग दस साल के सांसदी के कार्यकाल में उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी विकास कार्य कराये हैं। उन्होंने कहा कि उनकी एक नीति रही है कि जहां भी आवश्यकता होगी, वह विकास कार्य कराने में पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने संसदीय क्षेत्र में तो कार्य कराते ही है, लेकिन उनका इस क्षेत्र से विशेष लगाव है, इसलिये भले ही यह क्षेत्र उनके संसदीय क्षेत्र में न आता हो, लेकिन फिर भी वह विकास कार्य कराने से पीछे नहीं हटते है। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में देश व प्रदेश के साथ ही मुजफ्फरनगर जनपद भी तरक्की की ओर अग्रसर है।

#Sanjeev Balyan#Muzaffarnagarnews#UPNews,