टॉप 10 अपराधियों को जल्द सजा दिलाने के सीएम योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ लगातार सख्त हैं. योगी सरकार की सख्ती और पुलिस की सक्रियता का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध समाप्त हो गया है. ऐसे अपराधी या तो जेल में बंद हैं अथवा गिरफ्तारी के दौरान मारे गए. अब इस व्यवस्था को और भी दुरुस्त और सख्त करने के लिए सरकार ने जिला प्रशासन और जिला पुलिस के पेंच कसे हैं। इस बाबत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने एक पत्र लिखा है। प्रमुख सचिव ने यह पत्र सभी जिलाधिकारियों, पुलिस कमिश्नरों और पुलिस कप्तानों को लिखा है। इस पत्र में कहा गया है कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टालरेंस नीति के तहत काम कर रही है। इसके साथ ही हर जिले के टॉप-10 अपराधियों को उनके अपराध में सजा दिलाना भी एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है। इसके तहत सरकार जिलों के टॉप-10 अपराधियों को दोषसिद्धि कराने और जल्द से जल्द उन्हें सजा दिलाने के लिए भी आदेश जारी कर चुकी है। इसकी नियमित समीक्षा भी की जा रही है।
#UPNews#CMYogi#Yogi Adityanath#Lucknownews#UPCrime,







