सचिन राठी के परिवार के किसी सदस्य को मिलेगी सरकारी नौकरी
मुज़फ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : बुढ़ाना के पैतृक गाँव शाहडब्बर पहुंचे शहीद सचिन राठी के पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। कन्नौज में गोली लगने से शहीद हुए सिपाही सचिन राठी का शव गांव शाहडब्बर पहुंचा, तो कोहराम मच गया। कन्नौज के विशुनगढ़ थाना के धरनीधरपुर नगरिया गांव में हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुन्ना के घर पुलिस के साथ वारंट तामील कराने गया शाहडब्बर गांव का होनहार सिपाही सचिन राठी हिस्ट्रीशीटर की गोली लगने से घायल हो गया था। घायल सिपाही सचिन राठी की सोमवार देर रात कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। शहीद सिपाही सचिन राठी की पार्थिव देह आज सुबह जैसे ही गांव शाहडब्बर में पहुंची, तो परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में हर किसी की इस दुखद दृश्य को देखकर आंखे नम हो गयी। अंतिम संस्कार के बाद भी अनेक घरों में चूल्हे नहीं जले और पूरे गांव में मातम पसरा रहा।
जांबाज जवान सचिन राठी के परिवार को हर मुमकिन मदद मुहैया कराने का काम शुरू हो गया है। पीड़ित परिजनों को अलग-अलग मदों से 1.35 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसमें 50 लाख सरकार की ओर से मिलेगा जबकि 85 लाख रुपये विभागीय बीमा की मद से मिलेगा। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर दिया है। ऐसे में पूरा महकमा सचिन राठी के परिवार के साथ है। उसके परिवार को जल्द से जल्द मदद की रकम मिल जाए इसके लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सचिन राठी की शहादत के बाद उसके बदले में परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी मिलनी है। चूंकि सचिन अविवाहित थे, इसलिए यह परिवार में तय होगा कि उनके बदले में किस सदस्य को नौकरी दी जाए। एसपी ने बताया कि परिवार की रजामंदी से ही नौकरी दिलवाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
#Sachinrathi#UPPolice#KannaujEncounter#UPNews#Muzaffarangarnews#Kannauj#constablesachinrathi,







