मोहम्मद रिजवान के विवादास्पद आउट होने के बाद बवाल शुरू
(स्पोर्ट्स डेस्क) : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्डने अंपायरिंग और तकनीक के उपयोग से संबंधित मुद्दों को आईसीसी के सामने उठाने का फैसला किया है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट मुकाबला गंवा चुकी पाकिस्तान की टीम दूसरे मुकाबले में एक वक्त जीत के करीब नजर आ रही थी. पाक टीम को महज 98 रन की दरकार थी और उसके पांच विकेट बाकी थे. क्रीज पर मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा मजबूती के साथ टिके हुए थे. यहीं पर मोहम्मद रिजवान आउट हुए और फिर पूरी टीम ढह गई. यानी मोहम्मद रिजवान का आउट होना ही यहां टर्निंग पॉइंट रहा. यहां जिस तरह मोहम्मद रिजवान को आउट दिया गया, उसी को लेकर अब विवाद चल रहा है. शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस द्वारा विकेट के पीछे कैच की अपील के बाद ऑन-फील्ड अंपायर ने रिजवान को आउट देने से इनकार कर दिया था, लेकिन घरेलू टीम डीआरएस के जरिए फैसले को पलटने में कामयाब रही। मोहम्मद रिजवान जब 35 रन पर खेल रहे थे, तब ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की एक गेंद पर वो जबरदस्त तरीके से चूके. कमिंस की एक शॉर्ट पिच गेंद को उन्होंने झूककर छोड़ने की कोशिश की लेकिन गेंद उनके हाथ और हेलमेट के बीच से निकलते हुए कीपर के पास चली गई. यहां पैट कमिंस को हल्की आवाज आई और उन्होंने अपील कर दी. अंपायर ने यहां कमिंस की अपील को खारिज कर दिया. ऐसे में कंगारू कप्तान ने रिव्यू लेने का फैसला किया. थर्ड अंपायर ने काफी देर तक अलग-अलग एंगल से रिप्ले देखने के बाद मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलने का आदेश दिया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हॉट स्पॉट और स्निको तकनीक की मदद से यह पता चला कि गेंद ने रिजवान की कलाई में लगे बैंड को हल्के से छुआ था.
#ICC#PCB#AUSvsPAK#PAKvsAUSMelbourneTest#MohammadRizwanControversialDismissal,







