मुज़फ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : केंद्र की मोदी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री और किसानो के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का ऐलान किया हैं, इसके साथ ही अब यह स्पष्ट हो गया है कि राष्ट्रीय लोकदल, भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए में शामिल होगा. रालोद ने भारतीय जनता पार्टी के साथ आने केलिए यह शर्त रखी थी कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया जाए. उधर, रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि दिल जीत लिया है। वहीं, पिछले कई दिनों से जयंत के भाजपा में जाने की बात जोर-शोर से चल रही है। इसी को देखते हुए पहले ही लग रहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत नत्न देने का एलान हो सकता है।

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न की घोषणा के बाद मुजफ्फरनगर जिले में खुशी का माहौल है। चौधरी चरण सिंह ने साल 1971 का चुनाव मुजफ्फरनगर सीट से लड़ा था। यही उनका पहला लोकसभा चुनाव था। मुजफ्फरनगर से उनका गहरा नाता रहा। प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के दौरान यहां लगातार आते-जाते रहे। दरअसल, ये फैसला ऐसे वक्त में हुआ है जब बीजेपी और आरएलडी के बीच गठबंधन पर बात चल रही है. सूत्रों का दावा है कि दोनों के बीच गठबंधन पर बात फाइनल हो गई है. बीजेपी ने गठबंधन के तहत आरएलडी को दो लोकसभा सीटें और एक राज्यसभा सीट का ऑफर दिया जो जयंत चौधरी ने मान लिया है. हालांकि दोनों दलों के बीच अभी गठबंधन का औपचारिक एलान होना बाकी है.

पीएम मोदी ने इस संदर्भ में पोस्ट किया कि हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है. यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है. उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की.

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, 'आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे. हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है.' केंद्र सरकार के इस फैसले और पीएम मोदी के ऐलान पर आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने लिखा, 'दिल जीत लिया.'

#UPPolitics#BharatRatna#MuzaffarnagarNews#allianceofBJPandRLD#RLD#JayantChaudhary#UPNews#Muzaffaranagarnews#LoksabhaElection2024#UPPolitics#NDA,