WPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच होगी फाइनल की जंग
(स्पोर्ट्स डेस्क): महिला प्रीमियर लीग 2024 में स्मृति मंधाना की कप्तानी में आरसीबी फाइनल में प्रवेश कर गई है. 17 मार्च को WPL 2024 का फाइनल दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा. एलिमिनेटर मैच बेहद ही रोमांचक रहा. इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने डिफेंडिंग चैंपियंस को 5 रन से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और RCB ने फाइनल में जगह बना ली है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एलिस पेरी की दमदार 66 रन की पारी की मदद से RCB ने निर्धारित 20 ओवर में 135 रन का संघर्षपूर्ण स्कोर खड़ा किया. लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने मुंबई के बल्लेबाजों पर लगाम कस्ते हुए उन्हें 130 रन पर ही रोक दिया. IPL में आज तक राहुल द्रविड़, केविन पीटरसन और विराट कोहली समेत 7 वर्ल्ड-क्लास प्लेयर्स RCB की कप्तानी कर चुके हैं और टीम के मौजूदा कप्तान फाफ डु प्लेसिस हैं. दुर्भाग्यवश आईपीएल के 16 सीजन में कोई भी कप्तान टीम को चैंपियन नहीं बना पाया है. अब ऐसा लगता है जैसे स्मृति मंधाना और उनकी टीम आरसीबी पर लगे बदकिस्मती के दाग को आखिरकार हटाने जा रही हैं. मंधाना ने यहां शुक्रवार को एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस पर पांच रन की जीत के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'पहले तो मुझे लगता है कि यह साल हमारे लिए पूरी फ्रेंचाइजी से जुड़ने के लिए काफी अहम था। पुरुष टीम के साथ जो हुआ, कभी कभार इससे दबाव होता है।' उन्होंने कहा, 'इसलिए हम सिर्फ यही सोच रहे हैं कि हम अभी दूसरे ही सत्र में हैं इसलिये ज्यादा तनाव नहीं लेना चाहिए। पुरुष टीम के साथ क्या हुआ, हमें उससे कुछ लेना देना नहीं है।'
#RCBvsMIWPL2024Eliminator#WPL2024#Cricketnews#BCCI,







