देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत के बाद भाजपा मुख्यालय पर जश्न का माहौल है. चुनाव परिणाम की स्थिति स्पष्ट होने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा कार्यालय पहुंचे और अपने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया. भाजपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पिछले दो कार्यकाल में उत्तराखंड को विकास और जनकल्याण के लिए तमाम बड़ी योजनाएं दी. इससे उन्होंने दिखाया है कि उत्तराखंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में बसता है. इसी तरह उत्तराखंड में आए चुनाव परिणाम के जरिए उत्तराखंड के लोगों ने भी बता दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके दिलों में बसते हैं. यही वजह है कि उत्तराखंड से लगातार लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को समर्थन मिल रहा है.

उन्होंने उत्तराखंड की देव तुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों के आशीर्वाद के चलते नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. यह उत्तराखंड के भविष्य के लिए बेहद लाभकारी होगा. देश में आए चुनाव परिणाम पर टिप्पणी करते हुए सीएम धामी ने विपक्ष पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि हर बार चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष एक राग अलापने लग जाता था कि ईवीएम में गड़बड़ी है. उन्होंने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा, इस चुनाव परिणाम में विपक्ष की थोड़ी मजबूत स्थिति है, क्या इस बार ईवीएम खराब नहीं है?

 

 

#UttarakhandElection2024Result,