मुजफ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर बहुत जल्द उपचुनाव होने हैं. वही इन उपचुनाव में आरएलडी अपने लिए 2 सीट की  दावेदारी कर रही है,  मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर सीट से 2022 में आरएलडी के चंदन चौहान जीते थे. चंदन चौहान अब बिजनौर सीट से सांसद हैं और उनके इस्तीफे से रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव होने हैं. आरएलडी अपनी इस सीटिंग सीट के साथ ही अलीगढ़ जिले की खैर (सुरक्षित) सीट के लिए भी दावेदारी कर रही है.  खैर सीट पर 2017 से ही बीजेपी काबिज है. बीजेपी के अनूप प्रधान वाल्मीकि 2017 और 2022 में खैर सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे. अनूप अब हाथरस से सांसद हैं. आरएलडी इस सीट की डिमांड कर रही है. खैर सीट कभी आरएलडी का मजबूत गढ़ मानी जाती थी. खैर सुरक्षित सीट है लेकिन यहां नतीजे तय करने में निर्णायक भूमिका जाट वोटर ही निभाते हैं. यह चुनाव रालोद के लिए भी चुनौतियों भरा है क्योंकि रालोद ने 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के साथ गठबंधन में मिलकर लड़ा था जबकि इस बार वह भाजपा गठबंधन के साथ है। रालोद ने मीरापुर सीट भाजपा से ही 27,380 वोटों से जीती थी। इस बार उसका मुकाबला पूर्व सहयोगी सपा से ही होगा। 
जयंत चौधरी अपनी पार्टी आरएलडी को एक्सपेंड करने में लगे हुए हैं. कोई भी रीजनल पार्टी बड़ी पार्टी के साथ इसलिए जाती है क्योंकि इससे उनकी पार्टी को और विस्तार मिलता है. यही कारण है कि जयंत चौधरी इन दिनों अपनी पार्टी के विस्तार में लगे हुए हैं. रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि अब पार्टी अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में जुटेगी। एनडीए को ताकत देने व रालोद को मजबूत करने के लिए पार्टी काम करेगी। इसके लिए जल्द ही संगठन की समीक्षा शुरू होगी। पार्टी बुंदेलखंड में भी जल्द बड़ा कार्यक्रम कर वहां संगठन को खड़ा करेगी। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी शामिल होंगे। पश्चिमी यूपी में जयंत चौधरी अपना संगठन और भी मजबूत करना चाहते हैं ताकि आने वाले दिनों में किसी प्रकार के सीटों के नुकसान का सामना न करना पड़े. यही कारण हैं उत्तर प्रदेश में होने वाले 10 विधानसभा सीटों पर होने उपचुनाव में आरएलडी दो सीटों की मांग कर रही है. हालांकि, अभी उपचुनाव की तारीखें नहीं आई है, लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि कुछ ही महीनों में उपचुनाव हो सकते हैं. दो सीटों में से मीरापुर, जहां के आरएलडी विधायक अब सांसद हो गए हैं. वही अलीगढ़ की खैर सीट पर भी आरएलडी झंडा गाड़ना चाहती है.

#UPByElections#RLD#UPNews#Muzaffarnagarnews#JayantChaudhary#NDA,