(स्पोर्ट्स डेस्क): विश्व विजेता भारतीय टीम आज यानी 04 जुलाई, गुरुवार को बारबाडोस से स्पेशल फ्लाइट से स्वदेश लौट आई. रोहित एंड कंपनी सुबह करीब 6 बजे दिल्ली में लैंड हुई. एयरपोर्ट से भारतीय टीम सीधा होटल पहुंची, इसके बाद टीम इंडिया ने पीएम आवास पर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री के साथ नाश्ता किया और बातचीत भी की। हवाई अड्डे पर प्रशंसकों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद टीम के सदस्यों ने नाश्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे सैकड़ों प्रशंसक मौसम की परवाह किए बिना विभिन्न नारे लिखे बैनर और राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे. उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई दी. पिछले शनिवार को टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर खिताब अपने नाम किया. 

प्रधानमंत्री ने चैंपियन खिलाड़ियों और ट्रॉफी के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी एक बस में बैठकर दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। यहां से भारतीय खिलाड़ी मुंबई जाएंगे। मुंबई में आज मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम के बीच भारतीय खिलाड़ी विजय परेड में भी हिस्सा लेंगे। 

रोहित शर्मा की पीएम आवास पर ट्रॉफी के साथ एंट्री होती है। इसके बाद बाकी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी अंदर पहुंचते हैं। इनमें राहुल द्रविड़, विराट कोहली, ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री की एंट्री होती है। टी20 विश्व कप ट्रॉफी को एक कैबिनेट पर रखा हुआ दिखाया जाता है। इसके बाद पूरी टीम प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर खिंचवाती है। रोहित और द्रविड़ प्रधानमंत्री को ट्रॉफी सौंपते हैं। पीछे जय शाह और बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी नजर आते हैं। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों को एक मीटिंग हॉल में बिठाया जाता है। प्रधानमंत्री खुद बीच में बैठे दिखाई पड़ते हैं और खिलाड़ियों से बातचीत करते हैं। इस दौरान खिलाड़ी और प्रधानमंत्री मोदी हंसी ठहाके नजर आते हैं। फिर एक-एक करके सभी खिलाड़ी अपना अनुभव और अपनी यात्रा को प्रधानमंत्री मोदी से साझा करते दिखाई पड़े। पूर्व हेड कोच द्रविड़ भी प्रधानमंत्री के सामने अपनी बात रखते दिखाई पड़े। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह भी प्रधानमंत्री से बातचीत करते दिखे।


 

#TeamIndia#BCCI#IndianTeamMeetPMModi#T20WorldCup2024#ICC,