(स्पोर्ट्स डेस्क) : भारत के स्टार नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में लगातार दूसरी बार पदक जीतकर इतिहास रच दिया हैं। फाइनल में नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए. नीरज ने 89.45 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया और इतिहास रच दिया. इस तरह वो दो ओलंपिक मेडल जीतने वाले भारत के सिर्फ चौथे और एथलेटिक्स में ऐसा करने वाले पहले एथलीट बन गए. नीरज के कड़े प्रतिद्वंद्वी अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ा और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. अरशद ने 92.97 मीटर के जबरदस्त थ्रो के साथ गोल्ड पर अपना नाम लिखाया. वहीं ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.54 मीटर के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया. नीरज इसके साथ ही दो ओलंपिक पदक जीतने वाले आजाद भारत के पहले एथलीट हैं। नीरज पिछले कुछ समय से लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। पेरिस ओलंपिक में नीरज से देश को स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद थी। नीरज ने क्वालिफिकेशन में 89.34 मीटर का थ्रो कर पहले ही प्रयास में स्वतः क्वालिफिकेशन मार्क को पार कर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया था। उनके इस प्रदर्शन के बाद नीरज से स्वर्ण लाने की उम्मीद और भी बढ़ गई थी। हालांकि, पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता और नीरज को रजत से संतोष करना पड़ा।

नीरज चोपड़ा के पिता सतीश कुमार ने कहा, "उन्होंने देश के लिए रजत पदक जीता है, हम खुश और गौरवान्वित हैं। सभी युवा उनसे प्रेरित होंगे।" इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के भाला फेंक एथलीट अरशद नदीम को लेकर भी बात की। उन्होंने आगे कहा, "हर किसी का अपना दिन होता है, आज पाकिस्तान का दिन था, लेकिन हमने रजत पदक जीता है और यह हमारे लिए गर्व की बात है।"

#Paris Olympics #NeerajChopra #AFI #ParisOlympics2024,