खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर जारी हैं, यहां कुल्लू के निरमंड ब्लॉक, कुल्लू के मलाणा और मंडी जिले में बादल फट गए हैं. बादल फटने की वजह से यहां भारी तबाही हुई है. बादल फटने की वजह से कई मकान, स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं. 4 स्थानों पर करीब 50 लोग अभी लापता हैं। चार शव बरामद हुए हैं। करीब चार पुल व 15 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मंडी जिले में 35 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में बादल फटने के कारण हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. राज्यपाल ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों से भी फ़ोन पर बात की है और उनसे प्रभावितों को त्वरित राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि लापता लोगों को ढूंढ़ने के लिए एन. डी. आर. एफ. और एस. डी. आर.एफ. का दल बचाव कार्य में लगा हुआ है.
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बादल फटने से भारी नुकसान और जनजीवन अस्त-व्यस्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात कर जानकारी ली और केंद्र सरकार से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. जेपी नड्डा ने पूर्व सीएम और एलओपी जयराम ठाकुर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से भी बात की और सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में जुटने का निर्देश दिया. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर राज्य में बादल फटने से हुए उत्पन्न हुई स्थिति की जानकारी ली। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को राहत और बचाव कार्य में मदद के लिए एनडीआरएफ की तैनाती सहित केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

#Himachal Pradesh Cloudburst #Himachal News #Himachal Cloudburst,