(स्पोर्ट्स डेस्क): प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली में अपने आवास पर पैरालंपिक में इतिहास रचने वाले खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। इस दौरान भारतीय प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ बातचीत की. बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से पैरालंपिक में उनके अनुभव साझा करने को कहा। साथ ही पीएम ने खिलाड़ियों का हौसला भी बढ़ाया। पैरिस पैरालंपिक 2024 में भारत ने 7 स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य पदक के साथ कुल 29 पदकों के साथ पदक तालिका में 18वां स्थान हासिल किया। भारतीय दल ने 2020 टोक्यो पैरालंपिक (कुल मेडल 19) में भारत द्वारा बनाए गए अब तक के सर्वश्रेष्ठ पदकों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कोचों और सहयोगी स्टाफ की भी तारीफ करते हुए कहा, 'हर खेल में सहयोगी स्टाफ का काफी महत्व है जिन्हें बहुत मेहनत करनी पड़ती है। पैरा एथलीटों के साथ तो खास तौर पर। इसके लिए समर्पण चाहिए। पैरा एथलीटों के कोचों के पास असाधारण कौशल है क्योंकि आप सामान्य खिलाड़ियों को तो तकनीक सिखा सकते हैं, लेकिन पैरा एथलीटों को जीवन का तरीका सिखाते हैं। पुरुषों की भालाफेंक एफ41 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले नवदीप सिंह की प्रधानमंत्री ने खास तौर पर तारीफ की। छोटे कद के नवदीप ने भाला फेंकने वाले अपने बाजू पर प्रधानमंत्री का आटोग्राफ भी लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री को कैप पहनानी चाही तो प्रधानमंत्री मोदी नीचे बैठ गए और कहा कि 'दिखाई दे कि तुम मुझसे बड़े हो।'

पुरूषों की चक्काफेंक एफ56 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले योगेश कथुनिया ने कहा, 'प्रदर्शन में निरंतरता आपकी वजह से आई है। आपके द्वारा शुरू की गई योजनाओं की वजह से यह संभव हुआ। हर किसी के लिये पीएम का मतलब प्रधानमंत्री, लेकिन हमारे लिए आप परम मित्र हैं।' इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैं इस पर गर्व महसूस करता हूं। मैं भी आप सभी के साथ मित्र की तरह काम करना चाहता हूं।' पैरालंपिक में दो गोल्ड पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी अवनी लेखरा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 शूटिंग इवेंट में वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ अपना खिताब बरकरार रखा. उन्होंने पीएम मोदी से मुलकाता कर उन्हें अपनी जर्सी भेंट की. इस पर एक स्पेशल मैसेज भी लिखा था, 'आपके समर्थन के लिए... धन्यवाद सर.'

#ParisPalalympics2024 #ParisPalalympics #Paralympics,