खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : दिल्ली में विधायकों की बैठक के बाद नए सीएम के नाम पर फैसला हो गया है और आतिशी के नाम पर मुहर लगी है. दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नाम शामिल थे। इसमें आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत के अलावा पूर्वी दिल्ली लोकसभा के प्रत्याशी रहे कुलदीप कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़लान समेत दूसरे नाम भी शामिल थे। लेकिन आखिरकार आतिशी के नाम पर मुहर लगायी गई है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) विधायक दल की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा. इस पर विधायकों ने सहमति जताई. आम आदमी पार्टी के विधायकों की बैठक में सभी विधायकों ने खड़े होकर प्रस्ताव को स्वीकार किया. आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला सीएम होंगी. इससे पहले दिवंगत सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. आतिशी पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखती है। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई दिल्ली में हुई है। और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं। दिल्ली मंत्री गोपाल राय ने प्रेस वार्ता की और उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम पर मुहर लगी है। राय ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है। जेल से बाहर आने के बाद केजरीवाल ने इस्तीफे का फैसला लिया। भाजपा की सभी साजिशों को हमने नाकाम किया। अगले चुनाव तक आतिशी को जिम्मेदारी दी गई है। नई सरकार और जनता के फैसले के बाद ही केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि शाम 4.30 बजे केजरीवाल उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा देंगे। इसके बाद आज ही सरकार गठन की तैयारी शुरू हो जाएगी। 

#DelhiNewCMAtishi #Atishi #DelhiNewCM #ArvindKejriwalNews #ArvindKejriwal #ArvindKejriwalResignationAnnouncementNews,