देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिए आज यानि बुधवार 18 सितंबर 2024 को कुल 24 सीटों पर वोटिंग चल रही है. इनमें जम्मू के तीन जिलों की 8 विधानसभा सीटें और कश्‍मीर के चार जिलों की 16 सीटें शामिल हैं. निर्वाचन आयोग ने पहले चरण में, 24 सीटों पर वोटिंग के लिए 3,276 पोलिंग बूथ बनाए हैं. जम्मू और कश्मीर के जिन विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है, वे हैं- पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियां, डीएच पोरा, कुलगाम, देवसर, दूरू, कोकेरनाग (एसटी), अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबेहरा, शांगस-पूर्व, अनंतनाग। पहलगाम, इंद्रवाल, किश्तवाड़, पैडर-नागसेनी, भद्रवाह, डोडा, डोडा पश्चिम, रामबन और बनिहाल. सुबह 11 बजे तक यहां 26.72 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर: जिला प्रशासन कुलगाम ने जिले में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक चुनाव कंट्रोल रूम स्थापित किया है. 

एलजी जम्मू-कश्मीर कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ज्यादा से ज्यादा मतदान की अपील की है. पोस्ट में लिखा है, "जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव आज से शुरू हो रहे हैं. मैं उन सभी मतदाताओं से आह्वान करता हूं जिनके विधानसभा क्षेत्रों में आज पहले चरण में मतदान हो रहा है, वे रिकॉर्ड संख्या में आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें. मैं विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण की शुरुआत पर केंद्रशासित प्रदेश के वोटर्स से अपील की. उन्होंने X पर कहा, 'मैं आज मतदान करने वाले सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के उत्सव को मजबूत करने का आग्रह करता हूं. मैं विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं.''

 

#ElectionCommission #J&KAssemblyElections #JammuKashmirChunav #JammuKashmirAssemblyElection2024 #JammuKashmirAssemblyElection #JammuKashmirNews,