खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क):   हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया हैं,  भाजपा ने इसे संकल्प पत्र नाम दिया है. रोहतक में घोषणा पत्र जारी करते समय बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे. बीजेपी ने हरियाणा के लिए 20 बड़े वादे किए हैं. इसमें मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की तर्ज पर ही हरियाणा की महिलाओं को भी हर महीने वित्तीय मदद देने की भी घोषणा की गई है. 

बीजेपी का संकल्प पत्र

1. सभी महिलाओं को 'लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत हर महीने 2,100 रुपये

2. IMT खरखौदा की तर्ज पर 10 औद्योगिक शहरों का निर्माण. प्रति शहर 50,000 स्थानीय युवाओं को नौकरी देने के लिए उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन

3. चिरायु-आयुष्मान योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और परिवार के 70 वर्ष से अधिक प्रत्येक बुजुर्ग को अलग से 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा

4. 24 फसलों की घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद

5. 2 लाख युवाओं को 'बिना पर्ची बिना खर्ची' पक्की सरकारी नौकरी

6. 5 लाख युवाओं के लिए अन्य रोजगार के अवसर और नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन योजना से मासिक स्टाइपेंड

7. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 लाख आवास

8. सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस और सभी अस्पतालों में डायग्नोसिस मुफ्त

9. हर जिले में ओलंपिक खेलों की नर्सरी

10. हर घर गृहणी योजना तहत 500 रुपये में सिलेंडर

11. अव्वल बालिका योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में कॉलेज जाने वाली प्रत्येक छात्रा को स्कूटर

12. हर हरियाणवी अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी

13. भारत सरकार के सहयोग से केएमपी के ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का निर्माण और नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत

14. भारत सरकार के सहयोग से विभिन्न रैपिड रेल सेवाओं और फरीदाबाद से गुरुग्राम के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो सेवा की शुरुआत

15. छोटी पिछड़े समाज की जातियों (36 बिरादरियों) के लिए पर्याप्त बजट के साथ अलग-अलग कल्याण बोर्ड

16. DA और पेंशनों को जोड़ने वाले साइंटिफिक फॉर्मूले के आधार पर सभी सामाजिक मासिक पेंशनों में वृद्धि

17. भारत के किसी भी सरकारी कॉलेज से मेडिकल और इंजीनियरिंग पढ़ने वाले ओबीसी और एससी जातियों के हरियाणा के विद्यार्थियों को पूर्ण छात्रवृत्ति

18. सभी ओबीसी वर्ग के उद्यमियों की, मुद्रा योजना के अतिरिक्त, 25 लाख रुपये तक के ऋण की गारंटी हरियाणा राज्य सरकार उठाएगी

19. हरियाणा को वैश्विक शिक्षा का केंद्र बनाकर आधुनिक स्किल का प्रशिक्षण

20. दक्षिण हरियाणा में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का अरावली जंगल सफारी पार्क

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि 10 साल पहले हरियाणा की छवि पर्ची और खर्ची पर नौकरी वाली थी. जमीन हड़पना, लैंड यूज को बदलना, किसानों की जमीन को लेना, यही सब 10 साल पहले हरियाणा में होता था. जेपी नड्डा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो तब 1158 रुपये फसल अनुदान दिए गए. लेकिन भाजपा सरकार में 12 हजार करोड़ से ज्यादा का अनुदान किसानों को दिए हैं.  किसानों को फसलों के नुकसान पर 6000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा पहले दिया जाता था, लेकिन अब 15 हजार रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा मिलता है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली ने कहा कि आज 2024 के चुनाव को लेकर संकल्प पत्र भाजपा का जारी किया जा रहा है। इस संकल्प पत्र में जो भी बातें होंगी, उसे सरकार बनने पर लागू किया जाएगा। शपथ पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, हमारी सरकार ने 5 साल पहले किए गए वादों को पूरा किया. हमने 2014 में जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है. हमने 187 वादे किए थे और हम गर्व से कह सकते हैं कि हमने सभी वादे पूरे किए हैं.

#HaryanaEssemblyElections2024 #HaryanaEssemblyElections #HaryanaBJPSankalpPatra2024 #HaryanaBJPManifesto,