(स्पोर्ट्स डेस्क): पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारतीय पैरा एथलीटों ने 29 पदक जीतकर इतिहास रच दिया हैं। भारतीय दल ने कुल 29 पदक जीतकर टोक्यो का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तीन साल पहले भारत ने 19 पदक जीते थे। अब देश ने पैरा खेलों के इतिहास में अपने सबसे ज्यादा पदक जीत लिए हैं। इनमें सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य शामिल हैं। यह पैरालंपिक इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इस बार मेडल की संख्या को देखते हुए कहा जा सकता है कि भारत पैरालंपिक में नई शक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है. पेरिस से पहले टोक्यो पैरालंपिक में 54 भारतीय एथलीट्स ने हिस्सा लिया था, जो उस वक्त का सबसे बड़ा दल था. फिर पेरिस पैरालंपिक में भारत का यह दल और बड़ा हुआ. पेरिस में कुल 84 पैरा भारतीय एथलीट्स ने हिस्सा लिया और इतिहास रचते हुए एक एडीशन में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का रिकॉर्ड बनाया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस पैरालंपिक में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल की जमकर सराहना की और इन खेलों को भारत के लिए विशेष और ऐतिहासिक बताया। पेरिस पैरालंपिक में भारतीय पैरा एथलीटों ने अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और सात स्वर्ण सहित कुल 29 पदक जीते। भारत ने तीन साल पहले टोक्यो पैरालंपिक में पांच स्वर्ण सहित 19 पदक जीते थे। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, पैरालंपिक 2024 विशेष और ऐतिहासिक रहा। भारत बहुत खुश है कि हमारे अविश्वसनीय पैरा एथलीटों ने 29 पदक जीते हैं, जो इन खेलों में भारत की शुरुआत के बाद से अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह उपलब्धि हमारे एथलीटों के अटूट समर्पण और अदम्य भावना के कारण मिली है। उनके प्रदर्शन ने हमें कई यादगार क्षण दिए हैं और कई भविष्य के खिलाड़ियों को प्रेरित किया है। 

 

#Paralympics #PMModi #ParisParalympics #ParisParalympics2024,