खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)  : जम्मू कश्मीर में चल रहे विधानसभा चुनाव के दूसरे दौर में बुधवार को 6 जिलों की कुल 26 सीटों के लिए मतदान कराया गया। दूसरे दौर में कश्मीर घाटी की 15 सीटों और जम्मू संभाग की 11 सीटों पर बुधवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराया गया। मतदान में 56 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी के पोले ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि दूसरे चरण में 56 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। इस चरण में उतरे 239 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। सबसे ज्यादा 74.70 फीसदी वोटिंग रियासी जिले में तो सबसे कम श्रीनगर जिले में 29.81 फीसदी दर्ज की गई। दूसरे चरण में रियासी जिले की श्री माता वैष्णो देवी सीट पर सबसे ज्यादा 80.74 फीसदी मतदान हुआ। हालांकि, अंतिम आंकड़े आने अभी बाकी हैं।   
जम्मू -कश्मीर में बीजेपी, पीडीपी, नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के अलावा भी छोटी-छोटी पार्टियों ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं. साथ ही निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. पिछले विधानसभा चुनाव में लद्दाख भी जम्मू-कश्मीर का हिस्सा था, जबकि विधानसभा सीटों की संख्या 87 थी. इस बार लद्दाख अलग केंद्र शासित प्रदेश है तो जम्मू-कश्मीर में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 90 कर दी गई है. 2014 में आखिरी बार विधानसभा चुनाव हुआ था, जिसमें पीडीपी 28, बीजेपी ने 25, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 15 और कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थीं.

#J&KAssemblyElections #J&KPolls #JammuKashmirElectionPhase2 # #JammuKashmirElectionPhase,