लखनऊ/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है अगर आपकी गाड़ियां रातभर सड़कों पर खड़ी होती हैं तो अब आपको पार्किंग शुल्क अदा करना होगा।  नगर विकास विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है. योजना के मुताबिक, नगर निगम के अधिकार क्षेत्र (सार्वजनिक जगहों) में आने वाले स्थानों पर यदि कोई रात में गाड़ी खड़ी करता है तो उससे पार्किंग शुल्क लिया जाएगा. यह शुल्क प्रति रात 100 रुपये, हफ्ते भर के लिए 300 रुपये, महीने भर के लिए 1000 रुपये और साल भर के लिए 10000 रुपये होगा. बस आपको तय करना है कि यह भुगतान आप मासिक करेंगे या वार्षिक। इतना ही नहीं यदि कोई बिना परमिट के गाड़ी खड़ी करता है तो उससे तीन गुना शुल्क वसूल किया जाएगा. फिलहाल, इस प्रस्ताव को लेकर संबंधित विभाग से सुझाव, आपत्ति और निस्तारण के बारे में पूरी डिटेल मांगी गई है. कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम में पार्किंग की नई नीति लागू होगी.   यही नहीं, पार्किंग स्थलों के अलावा किसी भी सड़क, पटरी, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थान पर वाहन खड़े नहीं किए जा सकेंगे। प्रदेश के प्रमुख शहरों की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। लोग बड़े-बड़े घर तो बनवा लेते हैं लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं करते। इसके चलते लोगों को सड़कों पर गाड़ियां पार्क करनी पड़ती हैं। राज्य सरकार का मकसद पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाना और नगर निगमों की आय बढ़ाना है। 

#upnewparkingpolicy #UPNews #Uttarpradesh,