देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी वी आर सी पुरुषोत्तम के कुशल नेतृत्व में 07-केदारनाथ विधान सभा उप चुनाव शांतिपूर्वक एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, 57.64 फीसदी मतदान हुआ है। अब 23 नवंबर को मतगणना होगी। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने सफलता पूर्वक संपन्न हुए मतदान के लिए समस्त अधिकारियों-कार्मिकों को बधाई दी है। साथ ही सभी जनपद वासियों का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 07-केदारनाथ उप चुनाव में कुल 57.64 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि विधान सभा उप चुनाव में इस बार कुल 90 हजार, 875 मतदाता थे जिनमें 45 हजार 956 महिला मतदाता तथा 44 हजार 919 पुरुष मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विधान सभा के अंतर्गत सभी पोलिंग बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना कहीं से भी प्राप्त नहीं हुई है। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन व पुलिस ने सभी पुख्ता इंतजाम किए थे।