(स्पोर्ट्स डेस्क): भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथा टी20 मैच जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। टीम इंडिया ने सीरीज का पहला और तीसरा मैच जीत लिया था. वहीं दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे मैच में जीत दर्ज की थी. भारत ने चौथे टी20 मैच में पहले बैटिंग करते हुए 283 रन बनाए थे. इस दौरान तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने नाबाद शतक लगाया. इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 148 रन ही बना सकी. तिलक वर्मा और संजू सैमसन के आतिशी शतकों से भारत ने निर्धारित 20 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 283 रन का पहाड़ सा स्कोर बोर्ड पर लगाया है. सैमसन और तिलक ने साउथ अफ्रीकी बॉलर्स को एक तराजू में तौलते हुए जी भर चौके-छक्के बरसाए. सैमसन ने 51 गेंदों में तो तिलक ने 41 गेंदों में सेंचुरी पूरी की. दोनों बल्लेबाज नाबाद ही रहे. तिलक ने 120 रन की अपनी पारी में 10 छक्के और 9 चौके जमाए, जबकि सैमसन ने 109 रन की पारी में 9 छक्के और 6 चौके ठोके. अफ्रीका का कोई भी गेंदबाज इन दोनों को आउट करने में कामयाब नहीं हो सका. अभिषेक शर्मा के रूप में भारत का एकमात्र विकेट गिरा, जो 18 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए. लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम की शुरुआत काफी खराब रही और उसने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए थे। मेजबान टीम के लिए ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने सधी हुई पारी खेल टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम वापसी नहीं कर सकी और विशाल स्कोर के सामने घुटने टेक गई। दक्षिण अफ्रीका के लिए स्टब्स ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, जबकि मिलर ने 36 रनों की पारी खेली। मार्को येनसेन 12 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद रहे। 

#IndiavsSouthAfrica4thT20 #IndiavsSouthAfrica,