खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग से पांच दिन पहले त्रिलोकपुरी से विधायक रोहित कुमार, महरौली से विधायक नरेश यादव, कस्तूरबानगर से विधायक मदन लाल, पालम से विधायक भावना गौड़ और जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि ने आप को अलविदा कह दिया. ये वो विधायक हैं जिनका इस बार के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने टिकट काट दिया. इनके अलावा बिजवासन से बीएस जून और आदर्श नगर से पवन शर्मा ने भी इस्तीफा दे दिया है. पार्टी ने इन सभी का टिकट काट दिया था जिससे ये नाराज चल रहे थे. 

महरौली विधायक नरेश यादव ने अपने इस्तीफा पत्र में लिखा, आम आदमी पार्टी का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए, अन्ना आंदोलन से भारतीय राजनीति से भ्रष्टाचार को मुक्त करने के लिए हुआ था लेकिन अब मैं बहुत दुखी हूं कि भ्रष्टाचार आम आदमी पार्टी बिल्कुल भी कम नहीं कर पाई बल्कि आम आदमी पार्टी ही भ्रष्टाचार के दलदल में लिप्त हो चुकी है। 

रोहित कुमार ने अपने इस्तीफे की चिट्ठी में अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा, ''आपकी बात पर भरोसा करके मेरे समाज ने एकतरफा आपको समर्थन दिया जिसके बूते पर दिल्ली में तीन बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनी. बावजूद इसके ना तो ठेकेदारी प्रथा बंद हुई और ना ही 20-20  साल से कच्ची नौकरी पर काम करने वाले लोगों को पक्का किया गया . राजनीतिक महात्वकांक्षाओं की पूर्ति के लिए मेरे समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है.''

जनकपुरी से विधायर राजेश ऋषि ने भी आप पर गंभीर आरोप लगाए और इस्तीफे में लिखा, ''अन्ना आंदोलन से जन्मी, भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली बनाने के लिए अरविंद केजरीवाल  द्वारा बनाई गई आम आदमी पार्टी  जो अब भ्रष्टाचार युक्त पार्टी बन गई है जिसे में बड़े दुखी मन के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं.''

#AAPMLAsResign #AAPParty #DelhiAssemblyElection2025,