लखनऊ/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : योगी सरकार के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयानबाजी करने वाले लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे सात दिनों के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। जवाब न मिलने पर पार्टी यह मानेगी कि इस मामले में विधायक को कुछ नहीं कहना है। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर उनसे सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा गया है कि क्यों न आपके विरुद्ध आनुशासनहीनता की कार्रवाई की जाए। दरअसल, पार्टी के संज्ञान में आया है कि पिछले कुछ समय से नंद किशाेर गुर्जर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सरकार की आलोचना की जा रही है।  नोटिस में कहा गया है कि आपके वक्तव्यों व कृत्यों से पार्टी की प्रतिष्ठा को आघात पहुंच रहा है, जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भाजपा विधायक  नन्दकिशोर गुर्जर को कारण बताओ नोटिस जारी किया. 

विधायक ने लगाए थे आरोप

बता दें कि भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे हैं। मुख्य सचिव ने तंत्र-मंत्र कर महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) का दिमाग बांध दिया है। मुख्य सचिव दुनिया के सबसे भ्रष्ट अधिकारी हैं।” नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया, “अधिकारियों ने अयोध्या में जमीनें लूटी हैं।” 

#UPNews #NandKishoreGurjar,