(स्पोर्ट्स डेस्क): आईपीएल 2025 के अपने पहले मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हराकर जीत के साथ आगाज किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 155 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 19.1 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुंबई इंडियंस से इस मैच में घटिया बैटिंग देखने को मिली. रोहित शर्मा समेत टॉप-3 बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौटे. रोहित का तो खाता भी नहीं खुला, जबकि रेयान रिकेल्टन (13) और विल जैक्स (11) भी फ्लॉप रहे. कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला जरूर, लेकिन नूर अहमद ने दोनों को चलता कर मुंबई की कमर तोड़ी. वो तो दीपक चाहर ने नीचे आकर 15 गेंदों में नाबाद 28 रन बना दिए, जिससे टीम का स्कोर 150 पार पहुंच गया.

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई ने पहला विकेट दूसरे ही ओवर में खो दिया था। राहुल त्रिपाठी सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मोर्चा रचिन रवींद्र और ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 67 रनों की साझेदारी हुई। कप्तान गायकवाड़ 53 रनों की दमदार पारी खेलकर लौटे। इसके बाद चेन्नई की पारी लड़खड़ाई लेकिन सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए रवींद्र जडेजा ने स्थिति संभाली। उन्होंने रचिन रवींद्र के साथ 36 रनों की साझेदारी निभाई और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। हालांकि, जीत से सिर्फ चार रन पहले ही रनआउट हो गए। इस मैच में शिवम दुबे ने नौ, दीपक हुड्डा ने तीन, सैम करन ने चार रन बनाए। वहीं, रचिन रवींद्र 65 और महेंद्र सिंह धोनी बिना खाता खोले नाबाद रहे। 

# IPL2025 #BCCI #CSKvsMI,