यूपी के मुख्य सचिव ने बोर्ड परीक्षा नकल विहीन सम्पन्न कराने के दिये निर्देश
लखनऊ। मुख्य सचिव ने वर्ष 2022 की उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से मंगलवार को प्रदेश के समस्त मण्डलायुक्तों, पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रश्न पत्रों के पहुंचने से पूर्व ही प्रश्न पत्रों की सुरक्षा हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए उन्हें जनपद मुख्यालय में सुरक्षित स्थान पर पुलिस अभिरक्षा में रखवाया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्रों का वितरण जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी की निगरानी में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा पुलिस अभिरक्षा में कराया जाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि समस्त परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की अवधि में पर्याप्त सशस्त्र सुरक्षा बल उपलब्ध रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी जिलाधिकारियों को बोर्ड परीक्षा 2022 नकल विहीन सम्पन्न कराने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव ने कहा कि संगठित रूप से नकल कराने वालों पर रासुका के तहत कार्यवाही होगी। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।







