लखनऊ/खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिफेंस कॉरिडोर के लखनऊ नोड पर ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी के उद्घाटन के अवसर पर कहा इस दिशा में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया को एक संदेश दे दिया है। अब समय आ गया है जब आतंकवाद को कुचलने के लिए हम सबको एक स्वर से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस अभियान से जुड़ना होगा। आतंकवाद पर कड़ा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आतंकवाद कुत्ते की पूंछ है जो कभी सीधी होने वाली नहीं, जो प्यार की भाषा मानने वाली नहीं। उसको उसी की भाषा में जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सेनाओं के सभी जवानों का अभिनंदन करते हुए प्रदेश वासियों की ओर से हृदय से बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल की मैन्युफैक्चरिंग देश की रक्षा सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइल की झलक देखी होगी, नहीं देखी होगी तो पाकिस्तान वालों से पूछ लेना कि ब्रह्मोस मिसाइल क्या है?

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी स्वावलंबी देश के लिए आवश्यक है कि अपनी रक्षा आपूर्ति के लिए वह दुनिया के अन्य देशों पर निर्भर होने की बजाय स्वयं उस लक्ष्य को प्राप्त करे। इजराइल इसका उदाहरण है, जिसने सुरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त किया है। उसने अपने अगल-बगल के दुश्मन देशों को नाकों चने चबाने के लिए मजबूर किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में भारत के सामने जो लक्ष्य रखा, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और ब्रह्मोस मिसाइल उसी अभियान का हिस्सा है। वीडीएल झांसी में आ रहा है। उसका काम बहुत तेजी से आगे बढ़ चुका है। विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भारत आज जिस दिशा में आगे बढ़ा है वह उसे प्राप्त करेगा।

#UPNews #CMYogi #LucknowNews,