केरल में मानसून की दस्तक पिछले 16 सालों का तोडा रिकॉर्ड!
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : इस साल केरल में मानसून की दस्तक पिछले 16 सालों में सबसे जल्दी होने वाली है. ये तय समय से एक हफ्ते पहले ही आने वाला है. पिछले दो दिनों में केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। यह कम दबाव वाले क्षेत्र और आगे बढ़ते मानसून सिस्टम के संयोजन के कारण हो रहा है। पिछली बार राज्य में मानसून इतनी जल्दी 2009 और 2001 में पहुंचा था। तब यह 23 मई को राज्य में पहुंचा था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को दक्षिणी राज्यों केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के साथ-साथ कोंकण और गोवा में अलग-अलग जगहों पर बहुत ही भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है. केरल और तटीय कर्नाटक में 29 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी. मौसम विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों में तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ेंगे. आमतौर पर मानसून केरल में 1 जून को दस्तक देता है। हालांकि, सबसे पहले 1918 में 11 मई को मानसून ने केरल में दस्तक दे दी थी। देरी से मानसून के आने का रिकॉर्ड 1972 में था, जब मानसूनी बारिश 18 जून से शुरू हुई थी। पिछले 25 वर्षों में सबसे देरी से मानसून का आगमन 2016 में हुआ था, जब मानसून ने 9 जून को केरल में प्रवेश किया था।
#IMDWeatherUpdate #WeatherReport #MonsoonArrivedInIndia,






