पीएम मोदी ने आदमपुर एयरबेस पहुंचकर सेना के जवानों का बढ़ाया हौंसला
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : आतंकियों को सबक सिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पंजाब में आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने सेना के जवानों से मुलाकात की। जालंधर स्थित यह वही एयरबेस है, जिसे नुकसान पहुंचाने का फर्जी दावा पाकिस्तान ने किया था। पीएम मोदी ने आज सुबह 7 बजे दिल्ली के पालम एयरपोर्ट से उड़ान भरी और पंजाब के जालंधर स्थित आदमपुर एयरबेस पहुंचे. यहां पर पीएम मोदी 1 घंटे तक रहे और एयरफोर्स के जवानों से मुलाकात की, उन्होंने वायु सेना के बहादुर जवानों से बातचीत भी की। इस दौरान वायुसेना के जवानों ने मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी और सशस्त्र बलों के जवानों ने 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। सभी का जोश इस बात की ओर इशारा कर रहा था कि ऑपरेशन सिंदूर 100 फीसदी सफल रहा और हमारी सेना ने पाकिस्तान को सबक सिखा दिया है। इस दौरे से एक बात और साफ हो गई कि अगर प्रधानमंत्री मोदी का विमान इस एयरबेस पर उतर सकता है तो इसे खरोंच तक नहीं आई है। इस दौरे ने पाकिस्तान के नापाक चेहरे और झूठ की दुकान को दुनिया के सामने ला दिया है।
दरअसल, पाकिस्तान ने फर्जी दावा किया था कि उसने भारत के सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया। इसे लेकर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा था कि सिरसा और आदमपुर एयरबेस को नुकसान पहुंचाने के पाकिस्तानी दावे पूरी तरह से गलत हैं। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इन एयरबेस की तस्वीरें भी दिखाई गईं थीं, जिनमें दिखाया गया कि वहां सबकुछ सामान्य है। ऐसे में पीएम मोदी के आदमपुर दौरे ने पाकिस्तान के झूठ की पोल पूरी दुनिया के सामने खोल दी है।
#OperationSindoor #PMModiSpeech,







