(स्पोर्ट्स डेस्क): लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर साउथ अफ्रीका ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल जीतकर इतिहास रच दिया है. साउथ अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने वाली न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद तीसरी टीम बन गयी हैं . फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे एडन मार्करम. 282 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम ने मैच विनिंग शतक जड़ा. 27 साल बाद दक्षिण अफ्रीका ने कोई ICC ट्रॉफी जीती है. इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 1998 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी.  
गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 282 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट पर 285 रन बनाकर जीत हासिल की। दक्षिण अफ्रीका का टेस्ट में यह तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है। दक्षिण अफ्रीका की टीम इसके साथ ही पहली बार डब्ल्यूटीसी की विजेता बनी है, दक्षिण अफ्रीका के लिए एडन मार्करम ने 136 रनों की मैच विनिंग पारी खेली. इसके अलावा कप्तान टेंबा बावुमा ने 66 रन बनाए. टीम के स्टार पेसर कगिसो रबाडा ने दोनों ही पारियों में गजब की गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के बैटिंग लाइनअप को तहस-नहस करने का काम किया. उन्होंने पहली पारी में पंजा खोलते हुए सिर्फ 51 रन खर्च कर 5 विकेट चटकाए, जबकि दूसरी पारी में इस गेंदबाज ने चार विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को ICC ट्रॉफी दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई.
पूरे मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलने के बाद अपनी पहली पारी में 212 रन बनाए थे. कंगारुओं के लिए स्टीव स्मिथ ने पहली पारी में सबसे ज्यादा 66 रन बनाए तो दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा ने 5 विकेट झटके. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम अपनी पहली पारी में महज 138 रनों पर ढेर हो गई. इस बार पैट कमिंस ने 6 विकेट चटकाए. इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 74 रनों की बढ़त हासिल की, लेकिन दूसरी पारी में कंगारू बल्लेबाज ढेर हो गए. ऑस्ट्रेलिया ने इस बार 207 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका को 282 रनों का लक्ष्य दिया. दक्षिण अफ्रीका के लिए इस बार एडन मार्करम ने 136 रनों की मैच विनिंग पारी खेली और 27 साल बाद ICC का खिताब जीता. 

# ICCWTC2025 #ICC #WTCFinal #SouthAfrica #Australiya,