देहरादून, खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क): समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय युवा संगठन रोबस्ट वर्ल्ड की तुलास इंस्टीट्यूट की इकाई और लच्छीवाला नेचर पार्क द्वारा लच्छीवाला नेचर पार्क क्षेत्र में एक प्रभावशाली स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान कुआंवाला चौकी से लच्छीवाला टोल तक संचालित किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में पॉली किड्स स्कूल, आमवाला शाखा की निदेशक गीतिका धोढ़ी चालगा एवं कैप्टन शोभित चालगा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही वन विभाग से रेन्ज अधिकारी  मेधावी कीर्ति ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अभियान का नेतृत्व रोबस्ट वर्ल्ड के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. शुभ बिश्नोई द्वारा किया गया। कार्यक्रम में तुलास इंस्टीट्यूट की रोबस्ट वर्ल्ड यूनिट के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिनका मार्गदर्शन नोडल अधिकारी संदीप गौतम द्वारा किया गया।

अभियान के अंतर्गत पहले चरण में सड़क मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्र कर उचित निस्तारण किया गया। इसके पश्चात लच्छीवाला नेचर पार्क के भीतर पोस्टर्स के माध्यम से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें “स्वच्छता ही सेवा”, “प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण” जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुँचाया गया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा प्रेरणादायक संबोधन दिए गए, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। तत्पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

डॉ. शुभ बिश्नोई ने अपने वक्तव्य में कहा कि, “ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं। यदि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे, तो स्वच्छ और हरित भारत का सपना साकार किया जा सकता है।” यह अभियान न केवल स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम भी बना। रोबस्ट वर्ल्ड भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

#Dehradunnews #Uttarakhandnews,