IPL 2022: गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में गुजरात ने मारी बाजी
(स्पोर्ट्स डेस्क): आईपीएल में शुक्रवार को हुए मुकाबले में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच एक कमाल का मुकाबला देखने को मिला. सबसे दिलचस्प ओवर इस मैच का आखिरी ओवर ही था, जिसमें गुजरात को जीत के लिए 19 रन बनाने थे. इस मैच में गुजरात टाइटंस को आखिरी दो गेंदों पर 12 रनों की जरूरत थी और राहुल तेवतिया ने ओडियन स्मिथ की गेंद पर लगातार दो छक्के लगाकर मैच खत्म कर दिया. गुजरात ने ये मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया. पंजाब ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने पर 9 विकेट पर 189 रन बनाए थे. लियाम लिविंगस्टोन ने 27 गेंदों पर 64 रन बनाए जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल थे. उनके अलावा शिखर धवन (30 गेंदों पर 35 रन, चार चौके) और 9वें नंबर के बल्लेबाज राहुल चाहर (14 गेंदों पर नाबाद 22, दो चौके एक छक्का) ने भी उपयोगी योगदान दिया. पंजाब के अधिकतर बल्लेबाजों ने लंबे शॉट खेलने के प्रयास में अपने विकेट गंवाए. गुजरात के लिए स्टार लेग स्पिनर राशिद ने 22 रन देकर तीन जबकि अपना पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज दर्शन नालकंडे ने 37 रन देकर दो विकेट लिए. पंजाब की यह चार मैचों में दूसरी हार है. इस जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस ने IPL 2022 में अपनी जीत की हैट्रिक भी पूरी कर ली. गुजरात ने अपने पहले IPL के शरुआती तीनों मुकाबले जीत लिए हैं.







