खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में दो प्रवासी मजदूरों की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी हैं। यह हमला शुक्रवार शाम कुलगाम जिले के केल्लम गांव में हुआ था। आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो ईंट-भट्ठा मजदूरों पर गोलीबारी की, आतंकियों ने गोलीबारी कर दोनों को घायल कर दिया था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दीपक नाम के व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, भूपेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, आतंकी संगठन टीआरएफ ने हमले की जिम्मेदारी ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आतंकियों ने दोनों मजदूरों को गोली मारने से पहले उनके नाम पूछे थे। हालिया हमलों के बाद सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने प्रवासी श्रमिकों के ट्रांजिट कैंपों और अन्य ठिकानों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली मारने से पहले दोनों हमलावरों ने खास तौर पर उनके नाम पूछे और जैसे ही दोनों ने अपनी पहचान बताई, हमलावरों ने तुरंत पिस्तौल से उन पर गोली चला दी. हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे, इलाके की घेराबंदी की और हमलावरों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया.  गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में कश्मीर में यह दूसरा आतंकी हमला है. 22 जुलाई को अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की बहुत करीब से गोली मारकर हत्या की गई थी.  मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि  देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम में मजदूरों की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा की है और निर्दोष लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

#Terroristattack #KulgamTargetKilling #Jammukashmir #jammu #JammuKashmirNews,