(स्पोर्ट्स न्यूज़): भारत ने कोलंबो में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 61 रनों से हराकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया। भारत की जीत पर देशभर में जश्न का माहौल हैं , कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए थे, जवाब में पाक टीम केवल 114 रन ही बना सकी. ईशान किशन ने 77 रनों की मैच विजेता पारी खेली  यह भारत की टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। भारतीय टीम लगातार तीन मैच जीतकर सुपर आठ में पहुंच गई है। भारत ने अमेरिका को हराकर टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद नामीबिया को मात दी थी। अब कोलंबो में पाकिस्तान को हराकर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत ने तीन मैचों में तीन जीत दर्ज कर छह अंकों के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर अपना दबदबा बरकरार रखा है।

यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आठवीं बार है जब भारत ने पाकिस्तान टीम को धो डाला. इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन ईशान किशन ने तबाही मचाते हुए तूफानी अर्धशतक लगाया. उन्होंने 40 गेंद में 77 रनों की पारी खेली. वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन, वहीं अंतिम ओवरों में रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने तेजतर्रार अंदाज में बैटिंग करते हुए भारत को 170 के पार पहुंचाया. और फिर भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत झटके के साथ हुई। शुरुआती दो ओवरों में ही टीम के तीन विकेट गिर गए। पहले ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद पारी का दूसरा ओवर फेंकने आए बुमराह ने सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4) को पवेलियन की राह दिखाई। पाकिस्तान के लिए इस मैच में उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली जबकि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।

#IndvsPak #INDvsPAK #TeamIndia #T20WorldCup,