खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क): आबकारी नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कई अन्य को आरोप मुक्त कर दिया है। कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला. अदालत ने यह भी कहा कि डॉक्यूमेंट और रिकॉर्ड में जो बातें सामने आई है वह प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा लगती है न कि किसी आपराधिक साजिश का परिणाम. कोर्ट ने जांच एजेंसी की दलीलों और सबूत की कमी पर भी सवाल उठाए. इस मामले में केजरीवाल और सिसोदिया के अलावा अन्य आरोपियों को भी राहत मिली है. वहीं कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केजरीवाल भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू छलक पड़े. इस फैसले पर अरविंद केजरीवाल अपने आवास से पार्टी दफ्तर तक रोड शो किया। रोड शो के दौरान उन्होंने अपने हाथ में गदा लेकर समर्थकों का अभिवादन किया। 

केजरीवाल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया और पीएम मोदी और अमित शाह पर हमला करते हुए कहा कि इन्होंने आम आदमी पार्टी के खिलाफ बड़ी साजिश रची। इन्हें जब लगा कि ये हमें दिल्ली में नहीं हरा सकते तो इन्होंने ये साजिश की। आज पीएम मोदी और अमित शाह को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि मैं मोदी जी को दिल्ली में फिर से चुनाव कराने की चुनौती देता हूं। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि अगर उन्हें 10 से ज्यादा सीटें मिलीं, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि मुझे रोकने का एक ही रास्ता है मेरा कत्ल करा करवा दें। केजरीवाल ने कहा हम हमेशा कहते हैं की सच्चाई की जीत होती है, मैं जज साहब का धन्यवाद करता हूं... सत्य की जीत हुई. उन्होंने इस मामले को स्वतंत्र भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश करार दिया और आरोप लगाया कि यह सब आम आदमी पार्टी को खत्म करने की कोशिश है. वहीं मीडिया से बात करते-करते केजरीवाल की आवाज भर गई, उन्होंने कहा अगर सत्ता चाहिए तो अच्छा काम करके जनता का दिल दिल जीतिए. केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि आज दिल्ली की क्या हालत कर दी है। मैंने दिल्ली में पांच हजार स्कूल बनाए, आप पांच सौ स्कूल बना कर दिखा दो। आज दिल्ली की सड़के कितनी खराब हैं। हर जगह गड्ढे ही गड्ढे हैं। मैंने जितना काम दिल्ली के लिए किया आप उतना कर दो आपको चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल को जेल में डालने की जरुरत नहीं पड़ेगी। 

#ArvindKejriwalNews #ArvindKejriwal #delhinews,