(स्पोर्ट्स डेस्क): भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया है. इसी के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया. इससे पहले 2024 में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराया था. भारत ऐसा पहला देश बन गया है, जिसने टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को डिफेंड किया है. अहमदाबाद में खेले गए इस फाइनल मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 255 रन बनाए थे, जवाब में कीवी टीम 159 रन ही बना सकी. टीम इंडिया अपने घर में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है. आजतक कोई भी टीम अपने घर में टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है. टीम इंडिया पहली टीम है, जिसने तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है. पहली बार 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में जीता था. इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप जीता. अब सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया है. आजतक जितनी भी टीम टी-20 वर्ल्ड कप जीती हैं, उनमें से कोई भी अपने खिताब का बचाव नहीं कर सकीं. यानी लगातार दो बार नहीं जीत सकीं. लेकिन टीम इंडिया पहली टीम बन गई है, जो 2024 और फिर 2026 में लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीती.

भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करने आई थी. संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में अर्धशतक लगाया. सैमसन ने 89 रन बनाए, जो इस वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी रही. वहीं अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, इस दौरान उन्होंने 18 गेंद में पचासा जड़ा. ईशान किशन ने भी 25 गेंद में 54 रनों का योगदान दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए थे. यह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा. इससे पिछला रिकॉर्ड भी भारत के ही नाम था, जिसने 2024 वर्ल्ड कप के फाइनल में 176 रन बनाए थे. अब टीम इंडिया ने अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए 255 रन बनाए. 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई न्यूजीलैंड की टीम कभी जीत की रेस में थी ही नहीं. टिम साइफर्ट के 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर की 43 रनों की पारी के अलावा कोई भी कीवी बल्लेबाज प्रभावशाली पारी नहीं खेल पाया. भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए, जिन्होंने कुल 4 विकेट झटके. वहीं अक्षर पटेल ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया. उनके अलावा हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने भी एक-एक विकेट लिया. न्यूजीलैंड के लिए केवल टिम साइफर्ट और मिचेल सैंटनर ही रन बना सके। इसके अलावा डेरिल मिचेल ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। वरना बाकी सभी 10 रन के अंदर आउट हुए। साइफर्ट ने 26 गेंद में 52 रन की पारी खेली। वहीं, सैंटनर ने 35 गेंद में 43 रन बनाए। मिचेल ने 17 रन की पारी खेली। फिन एलेन नौ रन, रचिन रवींद्र एक रन, ग्लेन फिलिप्स पांच रन, मार्क चैपमैन तीन रन, जेम्स नीशम आठ रन और डफी तीन रन बना सके। मैट हेनरी खाता नहीं खोल सके। 

#T20WorldCup #T20WorldCup #TeamIndia,