यूपी में आज से सीएम योगी स्व-गणना की करेंगे शुरुआत
लखनऊ, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज से जनगणना-2027 के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की शुरुआत करेंगे। देश की पहली डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण के तहत प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके माध्यम से लोग घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in जारी किया गया है। इस पर सबसे पहले भाषा का चयन और मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करना होगा। सत्यापन के बाद पसंदीदा भाषा चुनकर घर का पता, डिजिटल लोकेशन और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा। फॉर्म जमा करने के बाद एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का काम किया जाएगा। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। स्वगणना अनिवार्य नहीं है। इस डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया से डेटा अधिक सटीक होगा और नागरिकों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी।
#upnews #cmyogi #lucknownews,




