दिल्ली के जहांगीरपुरी में फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर
दिल्ली/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हाल ही में हुई हिंसा के बाद बढ़ते तनाव के बीच दिल्ली नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान को रोक दिया गया हैं, दिल्ली के जहांगीरपुरी में अवैध निर्माण पर फिलहाल दो हफ्ते तक बुलडोजर नहीं चलाया जाएगा. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान यह अंतरिम आदेश जारी किया है. अब इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 2 हफ्ते बाद होगी, गौरतलब है कि जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल को हनुमान जयंती के दिन हिंसा की घटना होने बाद यहां बुधवार और गुरुवार के दिन विशेष संयुक्त अतिक्रमण हटाने का कार्यक्रम तय किया गया था। अतिक्रमण विरोधी अभियान में नाटकीय मोड़ तब आया, जब शीर्ष न्यायालय के अभियान पर रोक के आदेश के बावजूद भी अभियान नहीं रुका। हालांकि करीब एक घंटे के लिए इस अभियान को रोक दिया गया था लेकिन फिर से इसे शुरु कर दिया गया और नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शीर्ष अदालत के रोक का आदेश नहीं मिला है। इस अभियान को दोबारा शुरु करने के एक घंटे बाद उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुरूप एनडीएमसी की कार्रवाई पर रोक लगा दी गयी।







