मेरठ, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) :विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिम यूपी से मिशन-2027 का आगाज करने जा रहे हैं. अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं । मेरठ पहुंचने पर नितिन नवीन का पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने काशी टोल प्लाजा पर बुलडोजरों से पुष्पवर्षा कर उनका अनोखे अंदाज में स्वागत किया।  नितिन नवीन आज और कल यानी मंगलवार को मेरठ और सहारनपुर के दौरे पर रहेंगे। दो दिन के दौरे में वे पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। नितिन नवीन के साथ मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंच चुके हैं। संगठनात्मक बैठकों में बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। मेरठ आगमन के बाद नितिन नवीन ने शहीद स्मारक एवं उपवन पहुंचकर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद नितिन नवीन सुभारती विश्वविद्यालय में युवा सम्मेलन और शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 
नितिन नवीन 22 सितंबर को दोपहर बाद सहारनपुर पहुंचेंगे। वहां वे भाजपा के एक कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे। इसके बाद सहारनपुर में पूर्व पदाधिकारियों, सांसद, विधायक और जिलास्तरीय संगठन के पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। मेरठ से लेकर सहारनपुर तक फैली पश्चिम यूपी की 71 विधानसभा सीटों पर चुनावी माहौल बनाने और सांगठनिक मशीनरी को धार देने के लिए यह बीजेपी का बड़ा दांव माना जा रहा हैं। 

#UP #NitinNavin #UttarPradesh #UPNews #BJP #CMYOGi #Meerutnews,