पीएम मोदी ने भगवान हनुमान की 108 फुट ऊंची प्रतिमा का किया अनावरण
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हनुमान जयंती के मौके पर गुजरात के मोरबी में भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया. पीएम मोदी ने इस दौरान लोगों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दी. पीएम ने कहा, “पवनपुत्र की कृपा हर किसी पर बनी रहे. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक यह प्रतिमा हनुमानजी चार धाम परियोजना के तहत देश भर में चार दिशाओं में स्थापित की जा रही चार प्रतिमाओं में से दूसरी है. इसे मोरबी में बापू केशवानंद के आश्रम में स्थापित किया गया है. यह देश के पश्चिमी दिशा की ओर स्थापित की गई प्रतिमा है. श्रृंखला की पहली प्रतिमा 2010 में शिमला में स्थापित की गई थी. ज्ञात हो कि मोरबी में विशाल मूर्ति का निर्माण 2018 में शुरू हुआ था. इसकी लागत 10 करोड़ रुपए है. प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए. वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य नेता कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे.







