ज्ञानवापी मस्जिद में हुए सर्वे के काम खत्म, सर्वे में मिला 'शिवलिंग'
(न्यूज़ डेस्क): वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में हुए सर्वे के काम खत्म हो गया. सोमवार को सर्वे की टीम ने नंदी की मूर्ति के पास बने कुएं का भी सर्वे किया. इस बीच हिंदू पक्ष ने दावा किया है कि मस्जिद परिसर में वजू के लिए बने तालाब में शिवलिंग बना हुआ है. इसके बाद कोर्ट ने तालाब के आसपास के इलाके को सील करने का आदेश दे दिया और इसके पास आने जाने पर रोक लगा दी. अब मस्जिद में सिर्फ 20 लोगों को नमाज पढ़ने की अनुमति मिली है. इस मामले पर मुस्लिम पक्ष के वकील रईस अहमद अंसारी ने कहा है कि हिंदू पक्ष के इस दावे में कोई दम नहीं है. जिस जगह शिवलिंग मिलने का दावा किया जा रहा है वहां सिर्फ एक फव्वारा है और कुछ नहीं. वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद का प्रबंधन करने वाली अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद समिति के एक वकील ने सोमवार को कहा कि याचिकाकर्ताओं का 'शिवलिंग' के बारे में दावा भ्रामक है. उन्होंने कहा है कि वजूखाना में कोई शिवलिंग नहीं पाया गया है. इस सर्वे को लेकर कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. एक तस्वीर वो भी है जिसमें वजू करने वाली जगह पर शिवलिंग होने का दावा किया जा रहा है और मुस्लिम पक्ष इन दावों को खारिज कर रहा है.
ज्ञानवापी मस्जिद की सर्वे रिपोर्ट पर असिस्टेंट कोर्ट कमिश्नर अजय प्रताप सिंह ने कहा कि सर्वे तीन दिन तक चला. 50 फीसदी रिपोर्ट तैयार है. रिपोर्ट पूरी तरह तैयार नहीं होने की वजह से आज कोर्ट में रिपोर्ट पेश नहीं हो पाएगी. हम कोर्ट से 3-4 दिन का समय मांगेंगे.







