सिसौली, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। 29 मई को काकड़ा में आयोजित होने वाली बालियान सर्वखाप पंचायत को सफल बनाने के लिए शुक्रवार शाम भाकियू मुख्यालय में भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने सिसौली व क्षेत्र के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन ही एक ऐसा संगठन है, जिसके सहारे आप अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि समाज में आए दिन आपसी झगड़े फसाद हमें बहुत पीछे ले जा रहे हैं, अगर हमें अपना और अपने क्षेत्र का विकास करना है तो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ रहना होगा। सिसौली में 36 बिरादरियों के प्रतिनिधियों, चौधरियों से बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने आग्रह किया कि सभी बिरादरियों के चौधरी अपने अपने समाज के लोगों के साथ पूरी जागृति के साथ 29 मई को काकड़ा में होने वाली बालियान सर्वखाप पंचायत में दल बल के साथ पहुंचे। यह पंचायत आपके और हमारे सम्मान के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि काकड़ा में होने वाली बालियान सर्वखाप पंचायत में पहुचने वाले लोगो के खानपान की व्यवस्था के लिये सिसौली कस्बे की तरफ से संयुक्त रूप से ढाबा चलाया जाएगा। चौधरी नरेश टिकैत ने सभी जातियों के चौधरियों से आग्रह किया की आप अपनी सामर्थ्य के अनुसार काकड़ा में खानपान की व्यवस्था करें। वहीं, चौधरी नरेश टिकैत ने किसानों से अपील की है कि वे 29 मई को खेत से जल्दी घास लाकर अपने ट्रैक्टर लेकर काकड़ा पहुंचे।