(स्पोर्ट्स डेस्क) : एक बार फिर आरसीबी का आईपीएल खिताब जीतने का सपना टूट गया. दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स ने एकतरफा अंदाज में आरसीबी को 7 विकेट से हरा दिया. इस मैच में राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. बैंगलोर ने राजस्थान को जीतने के लिए 158 रनों का टारगेट दिया, जिसे राजस्थान रॉयल्स ने 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. अब 29 मई को राजस्थान रॉयल्स का फाइनल में सामना गुजरात टाइटंस से होगा. रॉयल चैलेंजर बैंगलोर के खिलाफ जोस बटलर ने तूफानी पारी खेली. उनकी वजह से राजस्थान रॉयल्स जीत हासिल कर सकी. जोस बटलर ने बैंगलोर के खिलाफ 60 गेंदों में 106 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे. बटलर अंत तक आउट नहीं हुए और अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा ही दम लिया.  विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, फॉफ डू प्लेसिस जैसे बल्लेबाज एक बार फिर से फ्लॉप साबित हुए और अनकैप्ड खिलाड़ी रजत पाटीदार ने टीम को एक बार फिर से सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. आरसीबी को कई मैचों में दिनेश कार्तिक ने अपनी बल्लेबाजी से बचाया है लेकिन इस मैच में दिनेश कार्तिक का बल्ला भी नहीं चला और आरसीबी का खिताब जीतने का सपना एक बार फिर से टूट गया.