राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष ने यशवंत सिन्हा के नाम का किया एलान
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): राष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्ष ने उम्मीदवार के तौर पर यशवंत सिन्हा के नाम का एलान किया. इस बैठक में जयराम रमेश, शरद पवार, डी राजा, प्रफुल्ल पटेल, सीताराम येचुरी, मल्लिकार्जुन खड़गे, रणदीप सुरजेवाला, हसनैन मसूदी (नेशनल कॉन्फ्रेंस), रामगोपाल यादव, ओवैसी की पार्टी के सांसद इम्तियाज जलील समेत कई नेता पहुंचे. बैठक में कुल 15 पार्टियां शामिल हुईं. शरद पवार ने कहा कि टीआरएस, आम आदमी पार्टी और शिवसेना बैठक में नहीं थी, लेकिन तीनों पार्टियां यशवंत सिन्हा का समर्थन करेंगी. माना जा रहा है कि यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे. गौरतलब है कि विपक्षी दलों की पिछली बैठक में एनसीपी प्रमुख शरद पवार का नाम भी तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की ओर से प्रस्तावित किया गया था, लेकिन पवार ने दावेदारी स्वीकार करने से इनकार कर दिया था. इसके अलावा गोपाल कृष्ण गांधी का नाम भी आया था. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि यशवंत सिन्हा के कंपेन को आगे बढ़ाने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है. वरिष्ठ कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम चाहते हैं कि ऐसा प्रत्याशी सामने रखा जाए जो लोकतंत्र की रक्षा कर सके.







