मुज़फ्फरनगर /खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने लोकसभा क्षेत्र के ग्राम शौरम की ऐतिहासिक सर्वखाप चौपाल के अंदरुनी भवन का लगभग 1 करोड़ रुपए से होने वाले जीर्णोद्धार से जुड़े सभी पहलुओं पर अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं ग्रामवासियों के साथ विस्तृत चर्चा की। चौपाल के बाहरी रास्तो का निर्माण 2.5 करोड़ रुपए की लागत से प्रथम चरण में पूरा हो चुका है। उ०प्र० सरकार में कैबिनेट पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी जी द्वारा अपनी विधायक निधि से उक्त धनराशि उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की गई है। 

गांव शौरम की ऐतिहासिक चौपाल को लेकर बुधवार को शौरम पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने डूडा के अधिकारियों के साथ चौपाल का निरीक्षण किया। चौपाल के अंदर टूट फूट व कमरों की दीवारों के अलावा छत की मजबूती के लिए बातचीत की। निरीक्षण करने के बाद चौपाल पर ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री  ने कहा कि लगभग साढ़े चार सौ साल पुरानी शौरम की चौपाल हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। चौपाल के अलावा शौरम गांव सर्वखाप मंत्री गांव है। देश भर में शौरम के सर्वखाप मंत्री गांव के साथ ऐतिहासिक चौपाल का अपना महत्व है। शौरम व चौपाल के महत्व को बनाये रखने और इसका रखरखाव करना हमारी जिम्मेदारी है।  चौपाल  में सर्वखाप पंचायत का संग्रहालय, लाइब्रेरी व कार्यालय बनेगा व बैठने की सुविधा हेतु प्राचीन समय की राजस्थानी कुर्सियां, पीने के पानी, विद्युत  व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय व मुख्य दरवाजे पर महलों जैसे आकार की बुर्जिया बनायी जाएगी। चौपाल की वास्तविकता बनी रहे इसके लिए विशेष कारीगरों से कार्य कराया जाएगा। जिसके लिए चौपाल की वास्तविकता को बनाये रखने के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।इस अवसर पर  सैंकड़ों  ग्रामीण मौजूद रहे।