सिंगापुर ओपन के फाइनल में पहुंची पीवी सिंधु
(स्पोर्ट्स डेस्क)। भारत की स्टार शटलर दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु सिंगापुर ओपन 2022 के फाइनल में पहुंच गई हैं। सिंधु ने यहां शनिवार को खेले गए महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में जापान की साएना कावाकामी को शिकस्त दी। सिंधु ने कावाकामी को 32 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में 15-21, 7-21 से हरा दिया। फाइनल में उनका सामना जापान की आया ओहोरी और चीन की वांग झीयी के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। सिंधु ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 62 मिनट तक चले मुकाबले में अपनी चीनी प्रतिद्वंद्वी हान यू को 17-21 21-11 21-19 से शिकस्त दी थी।







