मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): कल होने वाली नोएडा में त्यागी समाज की महापंचायत में 15 से 20 लाख त्यागियों के जुटने का दावा किया जा रहा  है। भारतीय किसान यूनियन के नेता मांगेराम त्यागी ने कहा कि हवन की तैयारी चल रही है, इस हवन में हर कोई अपनी आहुति दे रहा है। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज के युवाओं में श्रीकांत त्यागी प्रकरण को लेकर सरकार के खिलाफ रोष है जिसके लिए वह कल 21 अगस्त को नोएडा में होने वाली महापंचायत में पहुंचने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर निकल पड़े हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में भरपूर जोश है। मांगेराम त्यागी ने कहा कि लोगों में त्यागी समाज की महापंचायत को लेकर उमाह है। जैसे होली फाग और दिवाली पर होता है ऐसा ही उत्साह त्यागी समाज के युवाओं में देखने को मिल रहा है । उन्होंने कहा कि हमारे गांव कुतुबपुर से ही सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर ट्रॉली नोएडा महापंचायत के लिए रवाना हो रही है । मांगेराम त्यागी ने कहा कि उनकी महापंचायत को किसान यूनियन का भी समर्थन है,उन्होंने सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहा यदि सरकार या सरकार के किसी नुमाइंदे ने जरा भी हरकत की तो सभी तैयार खड़े है। महापंचायत में जाने के लिए तैयार अमित त्यागी ने अवगत कराया कि त्यागी समाज के लोग ट्रॉली और बसों में सवार होकर भी नोएडा की महापंचायत में पहुंचेंगे।